अबू धाबी में मिसाइल का मलबा गिरने से 12 लोग घायल

शुक्रवार को अबू धाबी में रास्ते में मार गिराई गई एक मिसाइल के मलबे से 12 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच भारतीय नागरिक भी शामिल थे.

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अबू धाबी मीडिया ऑफ़िस ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस घटना में पांच भारतीय और छह नेपाली नागरिकों को मामूली से मध्यम चोटें लगी हैं.

इसमें कहा गया कि एक अन्य नेपाली नागरिक को गंभीर चोट आई है. यह घटना अबू धाबी के अज्बान इलाक़े में उस वक्त हुई, जब वायु रक्षा प्रणालियों के ‘एक मिसाइल को सफलतापूर्वक रोके जाने’ के बाद उसका मलबा नीचे गिरा.

इस घटना पर भारत की ओर से कोई बयान नहीं आया है.

28 फ़रवरी को मध्य पूर्व में शुरू हुए संघर्ष के बाद से अब तक आठ भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हुए हैं.

अमेरिका का एक एफ़-15 लड़ाकू विमान ईरान के दक्षिणी हिस्से में गिराए जाने की ख़बर है और उसके क्रू को ढूंढने के लिए सर्च और रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक, दो सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है.

अब तक क्या पता है?

ईरानी मीडिया में सबसे पहले यह ख़बर आई, जहां तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने दावा किया कि अमेरिका अपने क्रू की तलाश कर रहा है.

इसके बाद एक्सियोस, रॉयटर्स और द न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से यही बात कही.

अधिकारी ने पहचान गुप्त रखते हुए जानकारी दी, लेकिन ज़्यादा विवरण नहीं दिया.

इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने क़ेश्म द्वीप के ऊपर पायलट गिराए जाने के ईरानी दावों को खारिज किया था.

अब तक क्या साफ़ नहीं है?

यह साफ़ नहीं है कि सेंटकॉम का पहले वाला बयान इन्हीं ताज़ा रिपोर्ट्स से जुड़ा है या नहीं.

क्रू का क्या हुआ, वे कहां हैं और विमान में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी नहीं है.

बीबीसी ने अधिक जानकारी के लिए सेंटकॉम से संपर्क किया है, लेकिन ख़बर लिखे जाने तक कोई जवाब नहीं मिला था.

इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि इसराइली हमलों में ईरान की स्टील उत्पादन क्षमता का लगभग 70 फ़ीसदी नष्ट हो चुका है.

सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने इसे ‘बड़ी उपलब्धि’ बताया और कहा कि इससे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के वित्तीय और सैन्य संसाधनों को नुक़सान पहुंचा है.

नेतन्याहू ने कहा, “मेरे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच और इसराइली सेना (आईडीएफ़) और अमेरिकी सेना के बीच पूर्ण समन्वय के साथ, हम ईरान को कुचलना जारी रखेंगे.”

उन्होंने यह भी कहा कि इसराइल हिज़्बुल्लाह पर भी लगातार हमले कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *